लद्दाख में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में नाबालिगों की संलिप्तता का पता चला

Ads

लद्दाख में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में नाबालिगों की संलिप्तता का पता चला

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 07:45 PM IST

लेह, 10 जून (भाषा) लद्दाख में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्थानीय युवाओं के साथ-साथ नाबालिग लड़के और लड़कियां भी नशे की तस्करी और इसे इस्तेमाल में संलिप्त पाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के निर्देश पर हाल में गठित मादक पदार्थ-रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) ने अपने पहले ही हफ्ते में कई नशा तस्करों एवं खरीदारों को गिरफ्तार किया और 1.5 किलोग्राम चरस जब्त की।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि कई युवा नशे की लत पूरी करने के लिए खुद तस्करी का रास्ता अपना रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि हाल के महीनों में लद्दाख में मादक पदार्थ के इस्तेमाल के 298 नए मामले सामने आए हैं।

लक्षित अभियानों में कार्य बल ने पाया कि नाबालिग लड़के और लड़कियों समेत स्थानीय युवा न केवल मादक पदार्थ का सेवन कर रहे हैं, बल्कि तस्करी भी कर रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों की इस संलिप्तता ने जागरुकता अभियानों, रोकथाम के प्रयासों और सामुदायिक भागीदारी की जरूरत को और अधिक रेखांकित किया है।

हाल में धार्मिक संगठनों, नागरिक समाज समूहों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक में उपराज्यपाल ने मादक पदार्थ तस्करों और इसके खरीदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और पूरे नेटवर्क को खत्म करने का आह्वान किया था।

भाषा

खारी सुरेश

सुरेश