मुंबई, 10 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बुधवार को कहा कि पूर्व में कांग्रेस का हिस्सा रहे तृणमूल कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) जैसे दलों को फिर से एकजुट होकर इस सबसे पुरानी पार्टी को मजबूत करना चाहिए।
राउत ने दावा किया कि इस तरह का पुनर्मिलन ‘‘समय की मांग’’ है, और कांग्रेस तथा अन्य पार्टियों में इस दिशा में पहले से ही विचार-विमर्श चल रहा था।
राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान तृणमूल कांग्रेस, राकांपा (शप) और कुछ अन्य दलों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम निजी तौर पर यह बात करते रहते हैं कि जो घटक दल कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टियां बना चुके हैं, उन्हें कांग्रेस के झंडे तले आकर उसे मजबूत बनाना चाहिए। यही समय की मांग है।’’
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इन दलों को अपने-अपने राज्यों में कांग्रेस की मदद की जरूरत है।
राउत ने कहा, ‘‘कांग्रेस छोड़कर जाने वाला हर कोई, चाहे नेता हो या दल, अब इसकी मदद चाहता है। इसलिए, आपको एकजुट होकर कांग्रेस को और मजबूत बनाना चाहिए और (भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के) विकल्प के तौर पर पेश करना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस और अन्य पार्टियों में इस बारे में कुछ विचार-विमर्श चल रहा है।’’
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश