ईरान ने सैद्धांतिक रुख अपनाया, समाधान रातोंरात नहीं हो सकता: महबूबा मुफ्ती

Ads

ईरान ने सैद्धांतिक रुख अपनाया, समाधान रातोंरात नहीं हो सकता: महबूबा मुफ्ती

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 08:29 PM IST

श्रीनगर, 12 अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता विफल नहीं हुई है, क्योंकि उनकी समस्याओं को हल करने में समय लगेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान ने एक सैद्धांतिक रुख अपनाया है।

पुलवामा में पार्टी की रैली के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुफ्ती ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि बातचीत विफल हुई है। यह एक जटिल मामला है, जिसके लिए इतना बड़ा युद्ध लड़ा गया। अगर आपको लगता है कि यह मुद्दा रातोंरात हल हो जाएगा, तो ऐसा नहीं होता।’’

पीडीपी नेता ने कहा कि ईरान ने एक बार फिर ‘‘साहस दिखाया है और अपने सैद्धांतिक रुख पर अडिग रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका इस युद्ध के दौरान ईरान द्वारा हासिल की गई सभी उपलब्धियों को अपने पाले में करना चाहता है। ऐसा कैसे हो सकता है? मुझे खुशी है कि ईरान दृढ़ रहा और अमेरिका को खाली हाथ लौटना पड़ा।’’

जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ता अभी समाप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘युद्धविराम 15 दिनों के लिए है। कुछ उतार-चढ़ाव तो होंगे ही। दोनों पक्षों ने अब तक कड़ा रुख अपनाया है।’’

मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस बारे में गुमराह किया जा रहा है कि बातचीत के माध्यम से क्या हासिल किया जा सकता है।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश