गुरुग्राम, 20 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) गुरुग्राम की ओर से शहर में 15 से 25 जुलाई तक 25 रथ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक उल्लास और उत्सव का वातावरण बना हुआ है।
इस्कॉन की ओर से सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह उत्सव आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि जो भी व्यक्ति रथ खींचता है या यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन करता है, उसे सांसारिक कष्टों से मुक्ति प्राप्त होती है।
बयान में कहा गया कि इन आयोजनों में भक्ति नृत्य, कीर्तन और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल रहीं, जिससे बच्चों और युवाओं को भगवान केंद्रित भारतीय वैदिक संस्कृति को अनुभव करने का अवसर मिला।
इस्कॉन ने कहा कि यह उन दुर्लभ अवसरों में से एक है जब मंदिर के प्रमुख भगवान स्वयं बाहर आकर श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं और सभी को अपना दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
शहर में कई स्थानों पर रथ यात्राओं का आयोजन किया गया, जिनमें पटौदी, एस्सेल टावर्स, फर्रुखनगर और एसजीटी विश्वविद्यालय शामिल हैं।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश