नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) सरकार ने संसद को बताया कि हाल के समय में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की भारत यात्रा न तो निर्धारित की गई और न ही रद्द की गई।
लोकसभा में 20 मार्च को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय हित, विदेश नीति की प्राथमिकताओं और सुरक्षा आकलन को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय यात्राओं की योजना पहले से बनाई जाती है।
तृणमूल कांग्रेस सांसद माला रॉय ने यह प्रश्न पूछा था, जिसका उत्तर सोमवार को लोकसभा की वेबसाइट पर अपलोड किया गया।
विदेश मंत्रालय से पूछा गया था कि क्या यह सच है कि इजराइल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा ‘‘सुरक्षा कारणों से रद्द’’ कर दी गई।
सिंह ने कहा कि उच्च स्तरीय यात्राओं की योजना राष्ट्रीय हित, विदेश नीति की प्राथमिकताओं और सुरक्षा आकलन को ध्यान में रखते हुए पहले से बनाई जाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल में इजराइल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा न तो निर्धारित की गई और न ही रद्द की गई।’’
यह प्रश्न पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर पूछा गया था।
तृणमूल सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया इजराइल यात्रा के बारे में भी सवाल पूछा था।
सिंह ने बताया, ‘‘इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25-26 फरवरी 2026 को इजराइल की राजकीय यात्रा की। यह यात्रा जनवरी 2026 की शुरुआत में तय की गई थी।’’
सिंह ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में सदन को बताया कि भारत का फलस्तीन के प्रति रुख लंबे समय से एक जैसा रहा है, और वह क्षेत्र में न्यायपूर्ण, व्यापक और स्थायी शांति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने 19 फरवरी को वाशिंगटन स्थित यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की बैठक में एक ‘‘पर्यवेक्षक’’ के रूप में भाग लिया था।
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश