मुख्यमंत्री के पद छोड़ने के बाद कर्नाटक में राजनीतिक घटनाक्रम होना स्वाभाविक है : सतीश जरकीहोली
मुख्यमंत्री के पद छोड़ने के बाद कर्नाटक में राजनीतिक घटनाक्रम होना स्वाभाविक है : सतीश जरकीहोली
बेंगलुरु, 29 मई (भाषा) कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पहले से मंजूर व्यवस्था के अनुसार करार देते हुये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश जरकीहोली ने शुक्रवार को कहा कि सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद का राजनीतिक घटनाक्रम, राजनीति की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।
विधायक जारकीहोली ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे से उत्पन्न स्थिति पर यहां पत्रकारों से बात की।
उनके अनुसार, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार का प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना तय है।
सिद्धरमैया सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री के रूप में कार्य कर चुके विधायक ने कहा कि पार्टी नेता 2028 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, “आलाकमान के फैसले के अनुसार, सब कुछ तय हो चुका है। राजनीति में ऐसी बातें होना स्वाभाविक है और हमेशा होती रहेंगी। पहले हुए समझौते का पालन किया जा चुका है। उनकी जगह डी के शिवकुमार आ रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से यह सब स्वाभाविक है। एक जाता है तो दूसरा आता है।”
कर्नाटक में 2023 में कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने के तुरंत बाद, सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कथित सत्ता-साझाकरण समझौते की खबरें सामने आईं, जिसके तहत सिद्धरमैया, सरकार के पांच वर्षीय कार्यकाल के पहले आधे हिस्से में मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करेंगे और शिवकुमार बाद में पदभार संभालेंगे। दोनों नेताओं में से किसी ने भी सार्वजनिक रूप से इन खबरों की पुष्टि या खंडन नहीं किया।
अब जरकीहोली ने पुष्टि की कि दोनों के बीच एक समझौता हुआ था।
पूर्व मंत्री ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन के बावजूद पार्टी एकजुट रहेगी और स्वयं सिद्धरमैया ने पार्टी नेताओं से अगले चुनाव के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा, “कल भी सिद्धरमैया ने कहा था कि 2028 में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। इसलिए हम एकजुट होकर काम करेंगे, बस इतना ही। राजनीति में पद से इस्तीफा देना कोई असामान्य बात नहीं है। देखते हैं अगले तीन-चार दिनों में क्या घटनाक्रम होता है।”
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस (केपीसीसी) अध्यक्ष पद पर जारी चर्चा और अपनी संभावित भूमिका के बारे में जरकीहोली ने कहा कि परामर्श अब भी जारी है और कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
विधायक ने कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल द्वारा केपीसीसी मुद्दे पर उनसे बात करने के सवाल के जवाब में कहा, “हां, चर्चा हुई है। हमने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को इसकी जानकारी दे दी है। उन्होंने कहा कि वे आज अंतिम चर्चा करेंगे और फिर लौटेंगे। उनके दोपहर तक लौटने की उम्मीद है। तब हम उनसे पूछेंगे कि क्या चर्चा हुई।”
मंत्री ने कहा कि नई सरकार की संरचना, जिसमें एक से अधिक उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति की संभावना भी शामिल है, पर शनिवार को होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


