यह ‘गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं’, पंजाब कांग्रेस नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम : बघेल

यह 'गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं', पंजाब कांग्रेस नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम : बघेल

यह ‘गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं’, पंजाब कांग्रेस नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम : बघेल
Modified Date: July 8, 2026 / 02:15 pm IST
Published Date: July 8, 2026 2:15 pm IST

चंडीगढ़, आठ जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बुधवार को प्रदेश में पार्टी के नेतृत्व में किसी भी बदलाव की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे फैसले ’गुड्डे-गुड़ियों का खेल’ नहीं हैं, जिन्हें बार-बार बदला जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम है।

यहां पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस ने एक जुलाई को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

बताया जा रहा है कि शीर्ष पद नहीं मिलने से चन्नी नाराज हैं। सोमवार को मोहाली में चन्नी की मौजूदगी में कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। यह बैठक उन घटनाक्रमों के कुछ दिन बाद हुई, जब कई मौजूदा एवं पूर्व विधायकों ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दोबारा विचार किए जाने का समर्थन दिया था।

वडिंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखने के फैसले पर पुनर्विचार की अटकलों को खारिज करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रह चुके बघेल ने कहा, ‘‘जब आलाकमान ने फैसला कर लिया है तो उसे बदला नहीं जाता। क्या यह कोई गुड्डे-गुड़ियों का खेल है कि बार-बार निर्णय बदला जाएगा।’’

चन्नी और एक अन्य वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के अभी तक उनसे मुलाकात नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने कहा, ‘‘मेरी उनसे (चन्नी) बात हुई है। मुलाकात होगी। रंधावा भी आकर मुझसे मिलेंगे।’’

बघेल सोमवार को पांच दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचे, राज्य में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भाषा रंजन नरेश

नरेश


लेखक के बारे में