जयपुर, 23 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के आभूषण संघ और जापान के यामानाशी आभूषण संघ से रत्न व आभूषण कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
शर्मा ने यहां एक जापानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि दोनों संघों के बीच बेहतर सहयोग से रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान और जापान के बीच दीर्घकालिक संबंध हैं और राज्य सरकार रत्न एवं आभूषण तथा अन्य उद्योगों में सहयोग मजबूत बनाने के लिए एक रोडमैप पर काम कर रही है।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान ने जापान की कंपनियों को उपयुक्त बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए विशेष सुविधाओं के साथ समर्पित क्षेत्र विकसित किए हैं।
शर्मा ने 2024 की जापान यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में निवेश करने वाली जापानी कंपनियों ने अपने निवेश से मिले लाभ पर संतोष जताया था।
उन्होंने और अधिक जापानी निवेशकों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया और निवेश के अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल कोफू शहर के महापौर यूइची हिगुची ने राजस्थान की निवेश नीतियों और राज्य में उपलब्ध अवसरों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में करीब 180 जापानी कंपनियां काम कर रही हैं, जबकि जयपुर और कोफू के आभूषण कारोबारी वैश्विक आभूषण कारोबार में सहयोग कर रहे हैं।
हिगुची ने कहा कि जयपुर की करीब 60 कंपनियां कोफू में आभूषण कारोबार से जुड़ी हैं।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब