पनवेल में फर्जी दस्तावेजों के जरिये जमीन बेचने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

Ads

पनवेल में फर्जी दस्तावेजों के जरिये जमीन बेचने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 10:44 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 10:44 PM IST

ठाणे (महाराष्ट्र), 23 अगस्त (भाषा) नवी मुंबई पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिये जमीन बेचने के मामले में एक रियल एस्टेट एजेंट समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पनवेल में 2.29 करोड़ रुपये की यह धोखाधड़ी 4,755 वर्ग मीटर के एक भूखंड को बेचने से जुड़ी है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि फरवरी में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रियल एस्टेट एजेंट सूरज वासुदेव शिंदे, बेथेल इजराइली ट्रस्ट के मुख्य न्यासी मोसेस ई. जैकब कोरलेकर और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेज और दूसरे लोगों को असली मालिक बताकर दिवंगत भारतीय-इजराइली मालिकों की जमीन बेचने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, करनजाडे स्थित यह भूखंड भाइयों, नाथन और शालोम एलियाहू चिंचोलकर, का था। दोनों इजराइल चले गए थे और एक भाई की मृत्यु 2011 में जबकि दूसरे की 2016 में हो गई थी।

पुलिस ने बताया कि उनके भारत से बाहर रहने का फायदा उठाते हुए गिरोह ने फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार किए और दावा किया कि मृतक मालिक मध्य प्रदेश के बड़वानी में रहते थे।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने दूसरे लोगों को मालिक बनाकर, फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी और जमीन के जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए वारिसों की सहमति के बिना भूखंड बेच दिया। उन्होंने खरीदारों से 2.29 करोड़ रुपये हड़प लिये।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, जालसाजी और वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश