जयपुर: गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक में आग लगी, कई धमाके हुए

Ads

जयपुर: गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक में आग लगी, कई धमाके हुए

  •  
  • Publish Date - October 8, 2025 / 01:01 AM IST,
    Updated On - October 8, 2025 / 01:01 AM IST

(फोटो के साथ)

जयपुर, सात अक्टूबर (भाषा) जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर दूदू के पास मंगलवार रात एक ट्रक से टक्कर के बाद एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे ट्रक में आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे और कई धमाके हुए। आग से कुछ वाहन भी प्रभावित हुए।

आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं जबकि विस्फोट की आवाज भी काफी दूरी से सुनाई दे रही थीं। पुलिस अधिकारी और दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। घटना जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर मौजमाबाद क्षेत्र में सावरदा पुलिया के निकट हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।

बैरवा ने संवाददाताओं को बताया कि जिस गाड़ी में हादसा हुआ उसके चालक और ‘हेल्पर’ के बारे में पता करना है। बाकी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने कहा, “आग पर काबू पा लिया गया है।”

पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

एसएमएस अस्पताल प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “जयपुर ग्रामीण के मोजमाबाद थाना क्षेत्र में जयपुर–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। घटना स्थल पर दमकल एवं आपदा प्रबंधन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।”

उन्होंने लिखा, “इस हृदयविदारक घटना से प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा के लिए ईश्वर से कामना करता हूं।”

इस बीच, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर ले जा रहा ट्रक सड़क किनारे एक ढाबे के बाहर खड़ा था जबकि चालक खाना खाने के लिए वहां रुका था।

ढाबे के पास मौजूद विनोद ने संवाददाताओं को बताया, ‘एक अन्य ट्रक ने एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। उस ट्रक के चालक को घायल अवस्था में पास के एक अस्पताल ले जाया गया।’

मुख्य चिकित्सा अधिकारी रवि शेखावत ने बताया कि एसएमएस अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी घायल को अस्पताल नहीं लाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का दूदू के एक अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया है।’

पिछले साल दिसंबर में इसी राजमार्ग पर जयपुर के भांकरोटा के पास रसोई गैस टैंकर एक ट्रक से टकरा गया था। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी।

भाषा पृथ्वी

जोहेब

जोहेब