जयशंकर ने भूटान के विदेश मंत्री के साथ ‘विकास साझेदारी’ पर चर्चा की
जयशंकर ने भूटान के विदेश मंत्री के साथ ‘विकास साझेदारी’ पर चर्चा की
(तस्वीरों के साथ)
थिम्पू, 16 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को बुमथांग में भूटान के विदेश मंत्री डी. एन. ढुंग्येल के साथ भारत-भूटान विकास साझेदारी, ऊर्जा, व्यापार और संपर्क समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
जयशंकर बुधवार से भूटान की दो-दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान वह भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी मुलाकात करेंगे।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भूटान के विदेश मंत्री ल्योनपो डी. एन. ढुंग्येल से मिलकर खुशी हुई। हमारे व्यापक सहयोग की संयुक्त रूप से समीक्षा की। बुमथांग के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक केंद्र में मेरी मेजबानी के लिए उनका धन्यवाद।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी बातचीत विकास साझेदारी, ऊर्जा, व्यापार, संपर्क, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित बहुआयामी सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रही।’’
विदेश मंत्री ने कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें मोंगर में 65 बिस्तरों वाला ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा मातृ एवं शिशु अस्पताल भी शामिल है।
उन्होंने समद्रुप जोंगखर में जगन्नाथ पुल का भी उद्घाटन किया, जिसे ‘प्रोजेक्ट दंतक’ के तहत बनाया गया है।
विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भूटान-भारत मैत्री परियोजना से पूर्वी भूटान में त्राशिगांग और समद्रुप जोंगखर के बीच संपर्क बेहतर होगा।’’
उन्होंने उत्तरी भूटान के गासा में 500 किलोवाट की लुनाना जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश

Facebook


