जम्मू कश्मीर: भारी बारिश की चेतावनी के बीच अमरनाथ, माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित

जम्मू कश्मीर: भारी बारिश की चेतावनी के बीच अमरनाथ, माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित

जम्मू कश्मीर: भारी बारिश की चेतावनी के बीच अमरनाथ, माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित
Modified Date: July 19, 2026 / 02:08 pm IST
Published Date: July 19, 2026 2:08 pm IST

श्रीनगर/जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने रविवार को अमरनाथ यात्रा के साथ-साथ माता वैष्णो देवी और श्री शिव खोरी की यात्राएं भी एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से स्थगित कर दीं।

अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से रोक दिया गया है। कश्मीर में बालटाल तथा नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविरों और जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं को आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एक अधिकारी ने कहा,‘‘ आईएमडी की ओर से खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बालटाल मार्ग सहित सभी आधार शिविरों से श्री अमरनाथजी यात्रा को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से स्थगित किया जाता है।’’

उन्होंने कहा कि मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम की स्थिति का व्यापक आकलन करने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने संबंधी जानकारी उचित समय पर जारी की जाएगी।

रविवार तड़के से जम्मू-कश्मीर में बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कश्मीर के जंगलों में कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं भी हुईं। मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से व्यापक वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया है।

तीन जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले स्थित माता वैष्णो देवी और श्री शिव खोरी मंदिरों की यात्राएं भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं।

एक अधिकारी ने कहा,‘‘ आईएमडी द्वारा जारी खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को भी अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।’’

श्री शिव खोरी श्राइन बोर्ड ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए श्रद्धालुओं को अगली सूचना तक अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है।

जम्मू संभाग के आयुक्त ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा,‘‘आईएमडी द्वारा भारी बारिश के पूर्वानुमान और रांसू क्षेत्र में खराब मौसम को देखते हुए श्री शिव खोरी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और श्रद्धालुओं से मंदिर की यात्रा की योजना बनाने से पहले नवीनतम आधिकारिक जानकारी लेने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार और सुरक्षा संबंधी आकलन के आधार पर यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में