जम्मू कश्मीर: भाजपा ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गवाने वाले लोगों को दी श्रद्धांजलि

Ads

जम्मू कश्मीर: भाजपा ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गवाने वाले लोगों को दी श्रद्धांजलि

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 02:49 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 02:49 PM IST

श्रीनगर, 21 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई ने मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले के एक साल पूरा होने पर इस घटना में जान गवांने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

यह हमला 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की प्रसिद्ध बैसरन घाटी में हुआ था, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादियों ने 25 पर्यटकों और एक स्थानीय गाइड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक तनावपूर्ण हालात रहे थे।

भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह दिन आतंकवाद की भयावह मानवीय कीमत की याद दिलाता है और ऐसे कृत्यों के खिलाफ देश के संकल्प को और मजबूत करता है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कायराना हमले ने भले ही पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया हो लेकिन इसने लोगों को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में और अधिक एकजुट कर दिया।

ठाकुर ने सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति की सराहना करते हुए सुरक्षा बलों की कार्रवाई की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें एक निर्णायक अभियान में खत्म कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के जवाब में शुरू किए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकी खतरों से निपटने में भारत के मजबूत संकल्प और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया है।

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने जम्मू कश्मीर में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार कड़े कदम उठाए हैं, जिससे घाटी में पर्यटकों का विश्वास बढ़ा है और बड़ी संख्या में सैलानी लौट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और यह शहादत क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों को और मजबूत करेगी।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश