जम्मू-कश्मीर: डीजीपी प्रभात ने ईद मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
जम्मू-कश्मीर: डीजीपी प्रभात ने ईद मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
श्रीनगर, 25 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने ईद मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की मंगलवार को समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नलिन प्रभात ने केंद्र शासित प्रदेश में जारी आतंकवाद रोधी अभियानों की भी समीक्षा की।
पुलिस नियंत्रण कक्ष, कश्मीर में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभात ने विशेष रूप से प्रमुख दरगाहों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने, सक्रिय पुलिस व्यवस्था और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दरगाह हजरतबल और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां रात में होने वाली नमाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित स्थिति से समय पर निपटने के लिए सभी मैदानी इकाइयों के बीच करीबी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
प्रभात ने अधिकारियों को संवेदनशील और कमजोर स्थानों पर निगरानी मजबूत करने तथा रणनीतिक और अधिक भीड़ वाले इलाकों में प्रभावी ढंग से पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया।
पुलिस महानिदेशक ने प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों के आसपास प्रभावी यातायात नियंत्रण तथा मार्ग प्रबंधन की योजना तैयार करने को भी कहा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
उन्होंने रक्षाबंधन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की और बाजारों तथा मंदिरों में पहले से सुरक्षा एवं यातायात के इंतजाम करने के साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक (समन्वय) एस. जे. एम. गिलानी, कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, सभी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक और सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रमों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियों, बलों की तैनाती की रणनीति, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


