श्रीनगर, 26 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 1999 के कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कारगिल विजय दिवस के मौके पर मैं हमारे उन शहीदों को नमन करता हूं जिन्होंने ‘ऑपरेशन विजय’ के दौरान मां भारती की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। हमारे सशस्त्र बलों का असाधारण साहस आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमारे शहीदों के परिवारों को भी आदर के साथ नमन करता हूं। उनका निःस्वार्थ समर्पण हमारे सर्वोच्च राष्ट्रीय गौरव का स्थायी प्रतीक बना हुआ है।’’
कारगिल विजय दिवस 1999 में भारतीय सैनिकों की उस जीत की स्मृति में मनाया जाता है, जब उन्होंने बर्फ से ढकी चोटियों और पाकिस्तानी सैनिकों की लगातार गोलीबारी का सामना करते हुए अटूट संकल्प के साथ कारगिल की चोटियों पर फिर से नियंत्रण स्थापित किया था।
पड़ोसी देश की घुसपैठ के बाद भारत द्वारा लड़े गए सीमित युद्ध को ‘ऑपरेशन विजय’ नाम दिया गया था। इस अभियान के 26 जुलाई, 1999 को सफल समापन की स्मृति में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी