जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में विदेशी आतंकवादियों को ‘मदद देने’ के आरोप में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में विदेशी आतंकवादियों को 'मदद देने' के आरोप में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर:  किश्तवाड़ में विदेशी आतंकवादियों को ‘मदद देने’ के आरोप में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 22, 2026 / 12:58 am IST
Published Date: July 22, 2026 12:58 am IST

जम्मू, 21 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को कहा कि किश्तवाड़ जिले में विदेशी आतंकवादियों को रसद सहायता उपलब्ध कराने के आरोप में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत अब तक तीन कथित आतंक समर्थकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नरेश सिंह ने बताया कि सिंहपुर के द्वाथेर गांव निवासी मोहम्मद रफीक नाइक को चटरू क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ इस वर्ष की शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), यूएपीए और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसएसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाइक चटरू क्षेत्र में सैफुल्लाह समूह का मुख्य संचालक था और उसने क्षेत्र में सक्रिय विदेशी आतंकवादी समूह को रसद और अन्य प्रकार की सक्रिय सहायता उपलब्ध कराई थी।

पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के सैफुल्ला समूह का सफाया हो चुका है। पिछले वर्ष इस समूह के चार आतंकवादी मारे गए थे, जबकि स्वयंभू कमांडर सैफुल्ला समेत शेष तीन आतंकवादी फरवरी में मुठभेड़ में ढेर कर दिए गए थे।

पुलिस ने कहा कि नाइक की गिरफ्तारी जांच में अहम सफलता है। उसके नेटवर्क और विदेशी आतंकवादी संगठन से संबंधों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इससे पहले पुलिस चटरू निवासी मुनीर अहमद और मशकूर अहमद को भी आतंकवादियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में