जम्मू कश्मीर: डोडा में वाहन नदी में गिरा, पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी की मौत, दो बच्चे घायल
जम्मू कश्मीर: डोडा में वाहन नदी में गिरा, पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी की मौत, दो बच्चे घायल
भदेरवाह/जम्मू, 13 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में शुक्रवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर नदी में गिर जाने से एक पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी की मौत हो गई जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब नौ बजे तब हुआ जब वे अपने ‘एसयूवी’ कार से भदेरवाह से बानी जा रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि भदेरवाह में जिला विशेष शाखा (डीएसबी) के मुख्य आरक्षी जुल्फिकार अली और उनकी पत्नी रेहाना बेगम की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनके दो बच्चे – अरशद अहमद (20) और कामरान अहमद (24) घायल हो गए तथा उन्हें भदेरवाह के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे भदेरवाह के बस्ती गांव के पास हुए उस दुखद सड़क हादसे के बारे में पता चला, जिसमें दुर्भाग्य से जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुख्य आरक्षी जुल्फिकार अली और उनकी पत्नी की जान चली गई। मैंने अभी-अभी डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल से इस हादसे के सिलसिले में बात की है।’’
उन्होंने कहा कि इस हादसे में घायल हो गये उनके दो बच्चे खतरे से बाहर हैं तथा प्रभावित परिवार को सभी संभव सहायता मुहैया करायी जा रही है।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


