जम्मू में चार साल का किराया न चुकाने पर जेएमसी ने मुख्य बाज़ार में 46 दुकानें सील कीं

Ads

जम्मू में चार साल का किराया न चुकाने पर जेएमसी ने मुख्य बाज़ार में 46 दुकानें सील कीं

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 02:02 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 02:02 PM IST

जम्मू, 25 अगस्त (भाषा) जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने चार साल से अधिक समय से किराया नहीं देने पर मंगलवार को इंदिरा चौक स्थित सब्जी मंडी की 46 दुकानों को सील कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया किराया नहीं चुकाने पर जेएमसी की टीम ने दुकानों पर नोटिस चिपका दिया और दुकानों में ताले तथा सील लगा दिए।

इसके बाद दुकानदारों ने जेएमसी के उपायुक्त (उत्तर) संजय बडयाल से संपर्क किया और आवंटित दुकानों का किराया नियमित रूप से चुकाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानों की सील हटा दी गई।

बडयाल ने संवाददाताओं से कहा, “इंदिरा चौक में खुले स्थानों के 46 आवंटियों ने चार साल से अधिक समय से किराया नहीं दिया था।”

उन्होंने कहा कि किराया नहीं चुकाने के कारण निगम आयुक्त के निर्देश पर सील करने की कार्रवाई की गई थी।

बाद में प्रभावित दुकानदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लिखित अनुरोध सौंपकर बकाया किराया चुकाने और कुछ राशि अग्रिम देने की पेशकश की।

बडयाल ने कहा कि उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद निगम ने बकाया किराया जमा करने और तय शर्तों का पालन करने पर दुकानों की सील हटाने का फैसला किया।

भाषा

राखी वैभव

वैभव