जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चौथे दिन भी बंद, मुगल रोड खोला गया

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चौथे दिन भी बंद, मुगल रोड खोला गया

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चौथे दिन भी बंद, मुगल रोड खोला गया
Modified Date: September 5, 2025 / 02:43 pm IST
Published Date: September 5, 2025 2:43 pm IST

जम्मू, पांच सितंबर (भाषा) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कई भूस्खलनों और कुछ स्थानों पर सड़कों के बह जाने के कारण शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा।

हालांकि, जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले को कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाले अंतर-क्षेत्रीय मुगल रोड को तीन दिनों तक बंद रहने के बाद वाहनों के आवागमन के लिए फिर से खोल दिया गया है।

एक यातायात पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कई स्थानों पर भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग और सिंथन रोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए गए हैं।’’

मूसलाधार बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के बाद 26 अगस्त से कई अवरोधों के कारण राजमार्ग बंद था, लेकिन 30 अगस्त को कुछ घंटों के लिए इसे यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया था। कुल मिलाकर राजमार्ग दस दिनों से बंद है।

कश्मीर जाने वाले राजमार्गों और अन्य अंतर-क्षेत्रीय सड़कों के बंद होने के कारण कठुआ से कश्मीर तक विभिन्न स्थानों पर 3,700 से अधिक वाहन फंस गए हैं।

उन्होंने बताया कि चार दिनों से बंद मुगल रोड को यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया है तथा हल्के वाहनों (एलएमवी) सहित यात्री और निजी कारों को मुगल रोड पर दोनों ओर से जम्मू से श्रीनगर की ओर तथा पुंछ के रास्ते श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, तीन दिनों से बंद जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग सहित महत्वपूर्ण राजमार्गों को भी भूस्खलन के बाद यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया है।

उन्होंने बताया कि उधमपुर सेक्टर में जखनी, थारा डी, बाली नाला और देवल के बीच करीब 10 किलोमीटर सड़क प्रभावित हुई है।

भाषा गोला नरेश

नरेश


लेखक के बारे में