मंत्री के घर से 1.13 करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी; रिश्तेदार गिरफ्तार

Ads

मंत्री के घर से 1.13 करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी; रिश्तेदार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 05:37 PM IST

बेंगलुरु, पांच मई (भाषा) कर्नाटक के आवास मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान के घर से पिछले महीने कथित तौर पर 1.13 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मंत्री के पुलकेशिनगर स्थित आवास पर 15 अप्रैल को चोरी की सूचना मिली थी जिसके बाद शिवाजीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी परिवार का परिचित है और दूर का रिश्तेदार है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में मंत्री की मां ने बताया कि शादी के तोहफे में मिले और बचत से खरीदे गए सोने के गहने एक कमरे की अलमारी में रखे थे।

जांच में लगभग एक किलो 300 ग्राम सोने के गहने गायब पाए गए।

पुलिस ने बताया कि रिश्तेदार अक्सर महिला की देखभाल के लिए उसके घर आते थे और शिकायतकर्ता को शक था कि उन्हीं रिश्तेदारों में से किसी ने चोरी की है।

इसी आधार पर घर में चोरी का मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान पुलिस ने कई पहलुओं की पड़ताल की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 16 अप्रैल को शिकायतकर्ता के घर आने-जाने वाले एक रिश्तेदार को गोविंदपुरा के एक कॉलेज के पास से हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की जिसे बाद में माथिकेरे से हिरासत में लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि विस्तृत पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी किए गए गहने माथिकेरे और कम्मगोंडनहल्ली की जौहरी की दुकानों पर गिरवी रखे गए थे।

माथिकेरे स्थित एक जौहरी की दुकान से 20 अप्रैल को 759 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि बरामद आभूषणों की कीमत 1.13 करोड़ रुपये है। बाद में आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा राखी नरेश

नरेश