रांची, 12 अप्रैल (भाषा) झारखंड आबकारी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए कुल 159 अभ्यर्थियों और पांच अन्य लोगों को रविवार को पेपर लीक के आरोपों में गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पांचों मुख्य आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं में शामिल एक गिरोह के सदस्य हैं।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि रांची के एसएसपी को सूचना मिली थी कि तमाड़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रड़गांव में एक इमारत में बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हुए हैं, जिसके बाद 159 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया गया।
कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘छात्रों को प्रश्न पत्रों के चार सेट दिए गए थे, जिनके बारे में दावा किया गया था कि वे आबकारी शुल्क भर्ती परीक्षा के प्रश्न हैं।
मुद्रित और डिजिटल प्रारूपों में उपलब्ध कराए गए प्रश्न पत्रों को जब्त कर लिया गया। हालांकि, वे आज की परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से हूबहू मेल नहीं खाते थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूछताछ जारी है, जबकि पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।’’
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप