झारखंड : तीन करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में पशुपालन विभाग का अकाउंटेंट गिरफ्तार

झारखंड : तीन करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में पशुपालन विभाग का अकाउंटेंट गिरफ्तार

झारखंड : तीन करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में पशुपालन विभाग का अकाउंटेंट गिरफ्तार
Modified Date: April 16, 2026 / 02:18 pm IST
Published Date: April 16, 2026 2:18 pm IST

रांची, 16 अप्रैल (भाषा) झारखंड के पशुपालन विभाग में कार्यरत एक अकाउंटेंट को ‘‘वेतन खातों में हेरफेर’’ कर करीब तीन करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ 14 अप्रैल को कार्यकारी मजिस्ट्रेट मोहम्मद जफर हसनात द्वारा कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था।

कोतवाली थाना प्रभारी संजय चौधरी ने बताया, ‘‘अकाउंटेंट रांची के कांके स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान से जुड़ा हुआ था और वह कथित तौर पर वेतन खातों में हेरफेर कर गबन कर रहा था।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच वेतन बिलों में छेड़छाड़ कर और अपने वास्तविक वेतन को बढ़ाकर यह राशि निकाली गई।

चौधरी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

हाल ही में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने राज्यव्यापी जांच के आदेश दिए थे, जब यह सामने आया कि बोकारो में एक पुलिस विभाग के अकाउंटेंट ने राजकोषीय वेतन खाते से छह करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की थी। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

इसके बाद हजारीबाग एसपी कार्यालय राजकोषीय घोटाले के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें कथित गबन की राशि बढ़कर 28 करोड़ रुपये हो गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार सरकारी कोषागारों से फर्जी वेतन निकासी के आरोपों को बहुत गंभीरता से ले रही है और विस्तृत जांच जारी है।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में