झारखंड: छात्रों पर कार्रवाई को लेकर विधानसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Ads

झारखंड: छात्रों पर कार्रवाई को लेकर विधानसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 05:35 PM IST

रांची, 11 अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर मंगलवार को भाजपा विधायकों ने विधानसभा में हंगामा किया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही निर्धारित तिथि से एक दिन पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने इससे पहले दोपहर तक के लिए और फिर दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की थी।

दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर सत्तारूढ़ और विपक्षी विधायक आसन के करीब आकर एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीआईडी जांच जारी है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार के सुधार प्रस्तावों को मान लिया है।

सोरेन ने कहा, “सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार लाना चाहती है और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की पारदर्शी तरीके से जांच की जा रही है।”

मुख्यमंत्री के संक्षिप्त बयान के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 अगस्त की निर्धारित अवधि से पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी और कहा कि उन्हें भारी मन और पीड़ा के साथ यह फैसला लेना पड़ा है।

इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा विधायकों ने राज्य में सोमवार को भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध किया।

विपक्षी विधायक सदन के बीचोंबीच आ गए और विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने छात्रों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने हिंसा की।

यादव के इस आरोप के बाद भाजपा के सदस्य भी सदन के बीचोंबीच आकर प्रदर्शन करने लगे।

विधानसभा अध्यक्ष के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद भाजपा सदस्य अपनी-अपनी सीट पर लौटने को तैयार नहीं हुए।

हंगामे के बीच महतो ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों के साथ कथित ज्यादती को लेकर मुख्यमंत्री सोरेन से जवाब मांगा।

उन्होंने लाठीचार्ज एवं पानी की बौछार करने तथा आंसू गैस के गोले दागने का मुद्दा उठाया। हंगामा लगातार जारी रहने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

हजारों अभ्यर्थियों और विद्यार्थियों ने सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च निकाला, कई अवरोधकों को पार कर लिया तथा पुलिसकर्मियों के साथ उनकी झड़प भी हुई।

प्रदर्शनकारियों के विधानसभा की ओर बढ़ने पर पुलिस ने जगन्नाथपुर मंदिर के पास पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले दागे।

कई प्रदर्शनकारियों ने घायल होने का दावा किया है, जबकि रांची पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान 14 पुलिसकर्मी घायल हुए।

छात्र और अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कामकाज में सुधार, कई परीक्षाओं को रद्द करने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के एक पैनल द्वारा स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश