रांची, 10 अगस्त (भाषा) झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सोमवार को सदन से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों के अनुपस्थित रहने पर सवाल उठाया और कहा कि सदन में सवाल उठाने के बाद कार्यवाही में शामिल न होना ‘संसदीय प्रणाली में अच्छी प्रथा नहीं मानी जाती है।’
मानसून सत्र के तीसरे दिन सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, महतो ने प्रश्नकाल के दौरान अपने सवाल उठाने के लिए भाजपा विधायकों-नगेंद्र महतो, चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह और राज सिन्हा के नाम पुकारे।
जब विधायकों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो अध्यक्ष ने टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘सदन में सवाल उठाना और फिर उसकी कार्यवाही में शामिल न होना संसदीय प्रणाली में अच्छी प्रथा नहीं मानी जाती है…।’’
इससे पहले दिन में, भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।
विधानसभा का मॉनसून सत्र छह अगस्त को शुरू हुआ। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पूरक बजट सात अगस्त को सदन में पेश किया गया।
भाषा शोभना रंजन
रंजन