झारखंड: बीआईटी मेसरा की छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला

Ads

झारखंड: बीआईटी मेसरा की छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 06:49 PM IST

रांची, 19 सितंबर (भाषा) रांची में बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा की इंजीनियरिंग की एक छात्रा का शव उसके कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मृत छात्रा की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा की रहने वाली अंजलि सुमन (24) के रूप में हुई है।

वह इस संस्थान से भौतिक विज्ञान में एमएससी की पढ़ाई कर रही थी।

बीआईटी पुलिस चौकी के प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा, ‘शुरुआती जांच में पता चलता है कि सुमन की मौत आत्महत्या के कारण हुई है। उसका शव छात्रावास नंबर नौ में उसके कमरे के छत के पंखे से लटका हुआ मिला था। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन हमें एक डायरी मिली है, जिसमें उसने परिवार से जुड़े मुद्दों को लेकर तनाव का जिक्र किया है।’

उन्होंने कहा, ‘पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ दिन से परेशान थी।’

दास ने बताया कि उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप