झारखंड सीआईडी ने हजारीबाग कोषागार घोटाला मामले में एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

Ads

झारखंड सीआईडी ने हजारीबाग कोषागार घोटाला मामले में एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 06:54 PM IST

रांची, पांच मई (भाषा) झारखंड आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने हजारीबाग कोषागार घोटाले के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक छह लोग गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

झारखंड सरकार के आदेशानुसार, सीआईडी हजारीबाग कोषागार से अवैध रूप से धन निकासी से संबंधित मामलों की जांच कर रही है। उसने इस संबंध में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

सीआईडी ​​के एक बयान में कहा गया है, ‘‘इस मामले के संबंध में, सौरभ कुमार सिंह (31) नामक एक और आरोपी को तीन मई को गिरफ्तार किया गया।’’

बयान में यह भी बताया गया है कि 1.5 करोड़ रुपये और 18.86 लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) को ‘फ्रीज’ कर दिया गया है।

इससे पहले, पुलिस विभाग की लेखा शाखा के तीन कर्मियों – शंभू कुमार, रजनीश सिंह और धीरेन्द्र सिंह – को पिछले आठ वर्षों में दो बैंक खातों से कथित तौर पर 15.41 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में आठ अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था।

बाद में नौ अप्रैल को इस मामले में दो और व्यक्तियों– शंभू सिंह की पत्नी काजल कुमारी और रजनीश सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी को गिरफ्तार किया गया।

झारखंड सीआईडी ​​ने 30 अप्रैल को बोकारो कोषागार से 10 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन का पता लगाया।

सीआईडी ​​ने बोकारो पुलिस विभाग के लेखाकार कौशल कुमार पांडे के अलावा दो पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार किया है।

पश्चिम सिंहभूम जिला कोषागार से 27 लाख रुपये के गबन में संलिप्तता के आरोप में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ 26 अप्रैल को प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी।

मामला सामने आने पर, चाईबासा कोषागार अधिकारी सुमित कुमार सिंह के बयान के आधार पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान, 28 अप्रैल को पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था।

धोखाधड़ी से धन निकासी की खबरों के मद्देनजर, राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सभी जिला कोषागारों की व्यापक लेखापरीक्षा का आदेश दिया है।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश