रांची, 15 फरवरी (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को रांची के लोकप्रिय पहाड़ी मंदिर में महाशिवरात्रि समारोह में भाग लिया और एक शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सोरेन ने इस अवसर पर पूजा भी की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव में भाग लिया। भगवान भोलेनाथ सभी की मनोकामनाएं पूरी करें।”
रांची के रातू रोड पर स्थित पहाड़ी मंदिर, जिसे फांसी टुंगरी के नाम से भी जाना जाता है, एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। 468 सीढ़ियों की एक श्रृंखला श्रद्धालुओं को ‘पहाड़ी बाबा’ तक ले जाती है, जिनकी पूजा शिवलिंग के रूप में की जाती है।
सोरेन ने कहा, ‘इस वर्ष इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु आए। मैं उनका अभिवादन करता हूं और भगवान शिव से उनके सुखी जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’
इस अवसर पर भाजपा के रांची विधायक सी पी सिंह भी उपस्थित थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि धार्मिक जुलूस के गुजरने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
झारखंड की मंदिर नगरी देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका स्थित बासुकीनाथ मंदिर सहित राज्य भर के विभिन्न शिव मंदिरों में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
देवघर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गयी, जहां ‘साइबर दानव’ के माध्यम से साइबर अपराध के खतरे को दर्शाने वाली एक झांकी प्रमुख आकर्षण रही।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत