India AI Impact Expo 2026: AI को लेकर भारत का बड़ा दांव, ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का PM मोदी ने किया उद्घाटन, 13 देशों ने लिया भाग

Ads

India AI Impact Expo 2026: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित भव्य प्रदर्शनी ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन किया।

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 12:29 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 12:54 PM IST

ai expo/ image source: AshwiniVaishnaw X HANDLE

HIGHLIGHTS
  • भारत मंडपम में एआई एक्सपो
  • पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
  • 600+ स्टार्टअप ने भाग लिया

India AI Impact Expo 2026: नई दिल्ली: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एआई यानी कि आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस पर आधारित भव्य प्रदर्शनी ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन किया। यह आयोजन भारत के तेजी से उभरते एआई पारिस्थितिकी तंत्र और वैश्विक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगभग 70,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस विशाल एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप, वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां, शोध संस्थान, शैक्षणिक संगठन तथा केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि एक ही मंच पर एकत्र हुए हैं।

Narendra Modi AI event: पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉल पर जाकर स्टार्टअप कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रदर्शित एआई उत्पादों, उनके उपयोग और समाज पर संभावित प्रभाव को लेकर सवाल पूछे तथा नवाचारों में गहरी रुचि दिखाई। प्रधानमंत्री ने कई स्टॉल पर रुककर नवोन्मेषकों से चर्चा की, जिससे युवा उद्यमियों और शोधकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री को अपने समाधानों की उपयोगिता और वैश्विक संभावनाओं से अवगत कराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन कर उन्हें भारतीय प्रतिभा और नवाचार की असाधारण क्षमता की झलक मिली। उन्होंने कहा कि नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकी प्रेमियों के साथ संवाद प्रेरणादायक रहा और भारत मिलकर ऐसे एआई समाधान विकसित करेगा जो न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया के लिए उपयोगी होंगे। प्रधानमंत्री ने एआई को भविष्य की अर्थव्यवस्था और मानव जीवन की गुणवत्ता सुधारने वाला प्रमुख क्षेत्र बताया।

India AI innovation summit: 600+ स्टार्टअप ने भाग लिया

यह प्रदर्शनी ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ यानी लोग, ग्रह और प्रगति की थीम पर तीन प्रमुख चक्रों में आयोजित की गई है। एक्सपो में 300 से अधिक क्यूरेटेड प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमो शामिल हैं, जहां एआई आधारित स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, जलवायु और उद्योग समाधान प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इसमें भाग ले रहे 600 से अधिक स्टार्टअप में से कई पहले से वास्तविक दुनिया में लागू एआई समाधानों पर काम कर रहे हैं, जो आम लोगों की समस्याओं को हल करने की क्षमता रखते हैं।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग को दर्शाने के लिए एक्सपो में 13 देशों के विशेष मंडप भी स्थापित किए गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हैं। इन मंडपों के माध्यम से वैश्विक एआई पारिस्थितिकी, तकनीकी साझेदारी और अनुसंधान सहयोग की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें:-