पेशावर, 17 फरवरी (भाषा) पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में तलाशी अभियान के दौरान कम से कम तीन आतंकवादी और तीन पुलिसकर्मी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि फितना अल-ख्वारिज से जुड़े आतंकवादियों द्वारा पुलिस दल पर गोलीबारी किए जाने के बाद सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा के शांगला जिले में यह तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए शांगला पुलिस ने पुरान के बाहरी इलाकों में आतंकवादियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान, आतंकवादियों ने काबुल ग्राम क्षेत्र में पुलिस दल पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी जिससे तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तत्काल जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें तीन आतंकवादी मारे गए।
सूत्रों ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के कुछ साथी भागने में सफल रहे।
उन्होंने बताया कि अभियान में मारे गए आतंकवादियों की पहचान करने और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा