झारखंड : प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, पुलिस के साथ झड़प

Ads

झारखंड : प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, पुलिस के साथ झड़प

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 09:12 PM IST

रांची, 21 अगस्त (भाषा) झारखंड भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शुक्रवार को रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाने की कोशिश की तथा उनकी पुलिस के साथ झड़प हुई।

जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म्स मंच के बैनर तले छात्र नेताओं ने झारखंड सरकार पर अभ्यर्थियों को धोखा देने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। इससे पहले उच्च न्यायालय ने 11वीं से 13वीं जेएसएससी तथा जेएसएससी-सीजीएल के जरिए की गयी नियुक्तियों को रद्द करने वाली कुछ अधिसूचनाओं पर रोक लगा दी है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘भारी संख्या में प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री सोरेन और राहुल गांधी के पुतले फूंकने के लिए अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्र हुए। जब पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो झड़प हो गई… झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद थे।’’

हजारीबाग और गिरिडीह से भी इसी तरह की झड़पों की सूचना मिली है जहां झामुमो कार्यकर्ताओं और सोरेन का पुतला जलाने की कोशिश कर रहे छात्रों के बीच झड़पें हुईं।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश