झारखंड: मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थगित किए

Ads

झारखंड: मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थगित किए

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 07:21 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 07:21 PM IST

रांची, छह सितंबर (भाषा) कांग्रेस की झारखंड इकाई ने रविवार को अपने गठबंधन सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मंत्री सुदिव्य कुमार के अचानक निधन के बाद अपने राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास मंत्री कुमार का रविवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कुमार (56) को शनिवार देर रात यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह करीब चार बजे दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘मंत्री सुदिव्य कुमार के अचानक निधन के मद्देनजर पार्टी ने सात सितंबर को प्रस्तावित लोक भवन मार्च व प्रदर्शन को स्थगित कर दिया है। वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर आठ सितंबर को होने वाली बैठक भी स्थगित कर दी गई है।’

पार्टी ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के मुद्दे पर लोक भवन तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी।

कमलेश ने वरिष्ठ झामुमो नेता के निधन पर दुख भी जताया।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘कुमार एक कुशल राजनेता थे और उन्हें संसदीय व्यवस्था की गहरी समझ थी। क्षेत्र के लोग और पूरा राज्य उनके निधन से बेहद दुखी है। ईश्वर उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे। हम सभी उनके परिवार के साथ हैं।’

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप