झारखंड : ‘बच्चा चुराने’ के संदेह में पीट-पीट कर व्यक्ति की जान लेने के मामले में चार गिरफ्तार

झारखंड : ‘बच्चा चुराने’ के संदेह में पीट-पीट कर व्यक्ति की जान लेने के मामले में चार गिरफ्तार

झारखंड : ‘बच्चा चुराने’ के संदेह में पीट-पीट कर व्यक्ति की जान लेने के मामले में चार गिरफ्तार
Modified Date: February 18, 2026 / 12:30 pm IST
Published Date: February 18, 2026 12:30 pm IST

चतरा (झारखंड), 18 फरवरी (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में ‘बच्चा चोर’ होने के संदेह में 40 वर्षीय, मानसिक रूप से निशक्त एक व्यक्ति की पीट-पीटकर कथित तौर पर जान लेने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात पिपरवार थाना क्षेत्र में हुई।

पुलिस के अनुसार, चिरैयाटांड़ और किचटो गांवों के निवासियों ने रामगढ़ जिले के बरवाटोली निवासी रामबली राजवार की बच्चा चोर होने के संदेह में बेतहाशा पिटाई की थी। राजवार की सोमवार को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा, ‘हमने इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।’

अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान प्रयाग महतो (40), महेंद्र महतो उर्फ ​​तरुण महतो (28), सुरेंद्र महतो (32) और बसंत मुंडा (25) के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि मृतक के भाई भुवनेश्वर राजवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

भुवनेश्वर ने पुलिस को बताया कि उसका भाई पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार था।

भाषा

प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में