रांची, 17 सितंबर (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं तथा राज्य की प्रगति एवं समृद्धि की कामना की।
सोरेन ने झारखंड को मजबूत और समृद्ध बनाने का संकल्प जताया।
गंगवार ने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर राज्य के सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए तथा श्रम, कौशल एवं सृजन के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो।”
सोरेन ने समाज, राज्य और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सफलता की भी कामना की।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर कहा, “भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद उन सभी हाथों को सम्मान, शक्ति और सफलता प्रदान करे, जो अपने श्रम, कौशल, कड़ी मेहनत एवं समर्पण से परिवार, समाज, राज्य व राष्ट्र के निर्माण में अमूल्य योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने कहा, “इस अवसर पर आइए हम श्रम व सृजन का सम्मान करने तथा अपनी मेहनत और सामूहिक प्रयासों से समृद्ध एवं मजबूत झारखंड के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।”
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन