झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

Ads

झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 11:20 AM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 11:20 AM IST

रांची, 17 सितंबर (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना की।

गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं।

गंगवार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘देश की प्रगति, जन कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के प्रति आपका समर्पण और प्रतिबद्धता अत्यंत प्रेरणादायी है। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री सोरेन ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘मरांग बुरु आपको सदैव उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।’’

झारखंड में भाजपा नेताओं ने मोदी का जन्मदिन मनाने के लिए कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है।

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राष्ट्र सेवा में आपका (नरेन्द्र मोदी) समर्पण, अटूट संकल्प और अथक परिश्रम सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं आपके जन्मदिन पर ईश्वर से आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’’

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘‘यशस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है’’।

भाषा खारी रंजन

रंजन