रांची/दुमका, चार मार्च (भाषा) झारखंड उच्च न्यायालय ने सोमवार को दुमका जिले में एक विदेशी पर्यटक से सामूहिक बलात्कार की घटना का स्वत: संज्ञान लिया और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मुख्य सचिव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस मामले में रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस चन्द्रशेखर और न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की खंडपीठ ने इस संबंध में डीजीपी, मुख्य सचिव और एसपी को नोटिस जारी किया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस बीच, दुमका प्रशासन ने सोमवार को सामूहिक बलात्कार पीड़िता के पति को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये का चेक सौंपा।
उन्होंने उपायुक्त ए डोड्डे और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार की उपस्थिति में चेक प्राप्त किया। पुलिस ने बताया कि राज्य की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार को विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर तब सामूहिक बलात्कार किया गया, जब वह अपने पति के साथ एक तंबू में रात बिता रही थीं।
महिला (28) और उनके 64 वर्षीय पति दो मोटरसाइकिलों पर बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे और बिहार के रास्ते नेपाल जा रहे थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़ित मुआवजा योजना के तहत पीड़िता को 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। हम आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की कोशिश करेंगे।’’
पीड़िता के पति ने त्वरित कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस को धन्यवाद दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप