झारखंड विधानसभा के सामने एलपीजी संकट को लेकर विधायकों ने किया प्रदर्शन

Ads

झारखंड विधानसभा के सामने एलपीजी संकट को लेकर विधायकों ने किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 04:39 PM IST

रांची, 13 मार्च (भाषा) झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों ने एलपीजी सिलेंडर संकट के विरोध में शुक्रवार को यहां झारखंड विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।

बैनर और पोस्टर लिए हुए इन विधायकों ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर रसोई गैस की कथित कमी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने जो पोस्टर ले रखे थे, उनपर लिखा था, ‘‘नरेन्द्र मोदी संसद से गायब हैं, सिलेंडर देश से गायब हैं।’’

एक तख्ती पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मोदी की तस्वीरें भी छपी थीं।

कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गैस सिलेंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा, “अब तो एलपीजी सिलेंडर बुक कराना भी मुश्किल हो गया है। यह सब केंद्र सरकार की नीतियों की विफलता के कारण है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं।”

झामुमो विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि महंगाई का बोझ सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है तथा उन्हें गैस सिलेंडर खरीदने के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।

इससे पहले, राज्य की कृषि मंत्री और कांग्रेस नेता शिल्पी नेहा तिर्की रिक्शा पर बैठकर विधानसभा पहुंचीं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी यह रिक्शा चला रहे थे।

अंसारी ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, “एलपीजी सिलेंडरों की कमी और पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों के कारण पूरे देश में संकट की स्थिति है। यहां तक ​​कि राज्य की कृषि मंत्री को भी रिक्शा से विधानसभा आना पड़ा।”

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप