झारखंड: 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 95 प्रतिशत से ज़्यादा छात्र उत्तीर्ण

Ads

झारखंड: 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 95 प्रतिशत से ज़्यादा छात्र उत्तीर्ण

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 04:50 PM IST

रांची, 23 अप्रैल (भाषा) झारखण्ड अधिविद्य परिषद (जेएसी) द्वारा बृहस्पतिवार को घोषित कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा के परिणाम में कुल 95.27 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए।

जेएसी के अधिकारियों के अनुसार, लड़कियों ने लड़कों से मामूली बढ़त बनाई, जहां 95.51 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में सफल रहीं। लड़कों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 95.01 रहा।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में सफल हुए छात्रों, उनके शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “जिन छात्रों को अपनी अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम नहीं मिला है, वे निराश न हों और बेहतर प्रयासों के साथ आगे बढ़ते रहें। झारखंड सरकार आप सभी के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।”

राज्य में प्रियांशु कुमारी (इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग), शिवांगी कुमारी (एसएस हाई स्कूल, बानो सिमडेगा), प्रेम कुमार साहू (प्रेमचंद हाई स्कूल, रांची) और सनी कुमार वर्मा (सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, रांची) संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहें। इन सभी ने 500 में से 498 अंक हासिल किए।

वहीं, इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की वैश्नवी श्री और जुलिता मिंज, तथा सेंट पैट्रिक्स हाई स्कूल, गुमला के दिव्यांशु उरांव और खिलेश साहू ने 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह, इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की अमीषा कुमारी और दीप्ति रानी, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, नवाटर के महताब अंसारी तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ओरमांझी के प्रीत राज ने 98.80 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

परीक्षा के लिए कुल 4,24,001 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 4,22,109 परीक्षार्थी शामिल हुए और 4,02,178 छात्र उत्तीर्ण हुए।

जेएसी के अनुसार, कुल 2,26,957 छात्र प्रथम श्रेणी, 1,60,673 छात्र द्वितीय श्रेणी और 14,548 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

इस वर्ष उत्तीर्ण प्रतिशत में पिछले वर्ष की तुलना में 3.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में राज्य का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 91.71 प्रतिशत था।

जिला स्तर पर गुमला 99.32 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद दुमका (99.02 प्रतिशत), पाकुड़ (98.56 प्रतिशत), पूर्वी सिंहभूम (98.02 प्रतिशत) और लातेहार में उत्तीर्ण प्रतिशत 96.90 रहा।

चतरा जिला 91.20 प्रतिशत परिणाम के साथ सबसे निचले स्थान पर रहा।

भाषा

राखी माधव

माधव