गुरुग्राम में फार्महाउस में लगी आग के दौरान दो कर्मचारी घायल

Ads

गुरुग्राम में फार्महाउस में लगी आग के दौरान दो कर्मचारी घायल

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 12:19 AM IST

गुरुग्राम, पांच अगस्त (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम जिले के सोहना में एक फार्महाउस में बुधवार को भीषण आग लगने से वहां काम करने वाले दो कर्मचारी झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के दौरान एक परिवार भी अंदर फंस गया था, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दमकल विभाग को भीम बाग वाटिका और फार्महाउस में आग लगने की सूचना बुधवार तड़के करीब चार बजे मिली।

इस संबंध में एक दमकल अधिकारी ने बताया कि सोहना दमकल केंद्र की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद सेक्टर-29 और सेक्टर-37 दमकल केंद्रों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कुल चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली निवासी दो कर्मचारी जाकिर और आमिर झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, आग लगने से फार्महाउस का टिन शेड पूरी तरह जलकर राख हो गया।

सोहना दमकल केंद्र के उप-अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि फंसे हुए परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल