झारखंड में एसआईआर:निर्वाचन आयोग की मसौदा मतदाता सूची जारी, 43 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटे

Ads

झारखंड में एसआईआर:निर्वाचन आयोग की मसौदा मतदाता सूची जारी, 43 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटे

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 06:33 PM IST

रांची, पांच अगस्त (भाषा) झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना का काम पूरा होने के बाद निर्वाचन आयोग ने बुधवार को मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी, जिसमें 43 लाख से अधिक लोगों के नाम हटा दिए गए हैं।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में एसआईआर के तहत गणना का काम शुरू होने से पहले 2.64 करोड़ मतदाता थे।

उन्होंने कहा कि गिनती का काम पूरा होने के बाद मसौदा मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाता शामिल हैं।

कुमार ने कहा, ‘‘29 जुलाई तक कुल 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,21,01,249 (83.51 प्रतिशत) मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा करा दिए, जो एसआईआर के गणना वाले चरण में लोगों की अच्छी भागीदारी दिखाता है।’’

एसआईआर के लिए गणना का काम 30 जून को शुरू हुआ और 29 जुलाई तक चला। इस दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों ने गणना प्रपत्र वितरित करने, फिर उन्हें एकत्र करने और उनकी जांच करने के लिए घर-घर जाकर संपर्क किया।

‘एएसडीडी’ (अनुपस्थित, दूसरी जगह चले गए, मृत या नाम में दोहराव) सूची में आने वाले 43,61,987 मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से हटा दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन 43.61 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनमें से लगभग 7.63 लाख की मौत हो गई, 15.92 लाख लोग स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए, 14.50 लाख का पता नहीं चल सका या वे इस प्रक्रिया के दौरान मौजूद नहीं थे, और 4.38 लाख लोगों के नाम कई जगहों पर मतदाता के तौर पर दर्ज पाए गए।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल