झुंझुनूं में सड़क हादसे में सेना के जवान सहित दो लोगों की मौत

Ads

झुंझुनूं में सड़क हादसे में सेना के जवान सहित दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:06 PM IST

जयपुर, पांच अगस्त (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और पलट गई, जिससे सेना के एक जवान समेत दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार देर रात बगड़ थाना क्षेत्र में हुआ। उसने बताया कि मृतकों की पहचान नवलगढ़ के कोलसिया गांव के रहने वाले हवलदार राकेश कुमार (36) और पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के नितिन (22) के तौर पर हुई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में अजय कुमार और साक्षक सिहाग नाम के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पीड़ित गाड़ी के अंदर फंसे हुए थे और बचाव कर्मियों को जेसीबी और क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकालना पड़ा।

कुमार ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल से आगे के इलाज के लिए जयपुर भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि हादसे में एसयूवी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

परिजन का आरोप है कि टक्कर के बावजूद गाड़ी का कोई भी एयरबैग नहीं खुला।

रिश्तेदारों के अनुसार, गाड़ी में सवार चारों लोग दोस्त थे और देर रात नितिन को चिड़ावा के पास छोड़ने जा रहे थे।

भाषा

पृथ्वी पारुल

पारुल