जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ में 2.33 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट किए

जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ में 2.33 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट किए

जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ में 2.33 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट किए
Modified Date: July 9, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: July 9, 2026 5:03 pm IST

जम्मू, नौ जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज 43 मामलों में जब्त दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बृहस्पतिवार को नष्ट कर दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2.05 किलोग्राम हेरोइन, 7.68 किलोग्राम गांजा, 162.649 किलोग्राम चूरा पोस्त, 2.126 किलोग्राम चरस, 482 ग्राम अफीम, 1,036 कैप्सूल और 909 गोलियां शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.32 करोड़ रुपये थी।

अधिकारियों ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बाद कठुआ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल ने सांबा जिले के रारा स्थित अधिकृत केंद्र में इन मादक पदार्थों को भस्म करके नष्ट किया।

उन्होंने बताया कि ये मादक पदार्थ मादक एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज 43 मामलों में जब्त किए गए थे। उन्होंने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने तक इन्हें विभिन्न पुलिस थानों के मालखानों में रखा गया था, जिसके बाद इनका निस्तारण किया गया।

शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस नशा रोधी अभियान के प्रति प्रतिबद्ध है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि साथ ही, कानून के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित करेगी।

भाषा अमित माधव

माधव


लेखक के बारे में