जेएनयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए ई-विवरणिका जारी की

Ads

जेएनयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए ई-विवरणिका जारी की

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 09:30 PM IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के तहत स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी), पीजी डिप्लोमा और एडवांस्ड डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार को अपनी ई-विवरणिका जारी की।

जेएनयू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, बीए (ऑनर्स) विदेशी भाषाएं, बीएससी आयुर्वेद जीवविज्ञान और ‘सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफेसी’ कार्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी (यूजी), 2026 के आधार पर होगा।

अधिसूचना के मुताबिक, बीटेक कार्यक्रम में प्रवेश जेईई मेन परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा, जबकि एमए, एमएससी, एमपीएच, एमटेक, पीजी डिप्लोमा और एडवांस्ड डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश चाहने वाले उम्मीदवारों को सीयूईटी (पीजी), 2026 परीक्षा में शामिल होना होगा।

वहीं, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी कार्यक्रमों में प्रवेश जीएटी-बी स्कोर के आधार पर होगा।

अधिसूचना में कहा गया है कि इंजीनियरिंग संकाय में एमटेक ‘कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग’ कार्यक्रमों में प्रवेश एमटेक (सीसीएमटी) के लिए केंद्रीकृत काउंसलिंग के माध्यम से होंगे।

सीयूईटी परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को प्रवेश के लिए अलग से आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को नियमित रूप से जेएनयू की वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी है।

जेएनयू ने प्रवेश के इच्छुक विदेशी विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है।

विदेशी विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।

उम्मीदवारों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र डाक या ईमेल के माध्यम से जेएनयू प्रशासनिक ब्लॉक के अधिकारी को भेजने होंगे।

भाषा यासिर पारुल

पारुल