गोंडा (उप्र) दो अप्रैल (भाषा) गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में एक लापता युवती का शव गन्ने के खेत में मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि युवती के हाथ बंधे होने और गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान मिलने के कारण उसकी हत्या किए जाने की आशंका लग रही है।
पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के भीटी भदवल गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री शीला (22) विगत 29 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे घर से शौच के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी।
उन्होंने बताया कि काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली।
जायसवाल के अनुसार तब अगले दिन कोतवाली देहात थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बृहस्पतिवार को घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित गन्ने के खेत में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या युवती के हाथ बंधे हुए पाए गए हैं और गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका लग रही है।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ।
जायसवाल के अनुसार पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
इस बीच, मृतका के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उनकी बेटी की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
भाषा सं सलीम
राजकुमार
राजकुमार