जोस के. मणि ने केरल कांग्रेस (जोसेफ) को एलडीएफ में आने का न्योता दिया

जोस के. मणि ने केरल कांग्रेस (जोसेफ) को एलडीएफ में आने का न्योता दिया

जोस के. मणि ने केरल कांग्रेस (जोसेफ) को एलडीएफ में आने का न्योता दिया
Modified Date: February 6, 2026 / 06:28 pm IST
Published Date: February 6, 2026 6:28 pm IST

कोट्टयम (केरल), छह फरवरी (भाषा) केरल कांग्रेस (मणि) के अध्यक्ष जोस के. मणि ने शुक्रवार को कहा कि यदि केरल कांग्रेस (जोसेफ) को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के भीतर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो वह वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) में शामिल हो सकती है।

केरल कांग्रेस (जोसेफ) और यूडीएफ के अन्य सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही वार्ता के संबंध में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मणि ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा, जोसेफ गुट को ‘‘संरक्षण’’ प्रदान कर सकता है।

यूडीएफ में सीट बंटवारे को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि दोनों गुट एक ही मूल पार्टी से हैं। पहले हमारा विलय हो गया था, लेकिन इसके कारण हमें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अगर उन्हें (जोसेफ को) वहां (यूडीएफ में) कोई समस्या है, तो हम यहां (एलडीएफ में) संरक्षण दे सकते हैं।’’

के. एम. मणि के नेतृत्व वाली केरल कांग्रेस (मणि) और पी. जे. जोसेफ के नेतृत्व वाली केरल कांग्रेस (जोसेफ) का 2010 में विलय हुआ था, लेकिन 2020 में मणि के निधन के बाद दोनों दल अलग हो गए। पहले यूडीएफ का हिस्सा रही केरल कांग्रेस (मणि) ने बाद में एलडीएफ का दामन थाम लिया।

मणि ने दोनों पार्टियों के बीच किसी भी तरह के विलय की संभावना को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम संरक्षण प्रदान कर सकते हैं, विलय नहीं (कर सकते)।’’

उन्होंने कहा कि केरल कांग्रेस (जोसेफ) के नेता इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनका निर्णय है, लेकिन उन्हें यूडीएफ में रहते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि एलडीएफ के चुनावी घोषणापत्र में किए गए 96 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं।

भाषा

सुरेश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में