लद्दाख हिंसा की न्यायिक जांच से ‘पूरी सच्चाई’ सामने आनी चाहिए: खरगे
लद्दाख हिंसा की न्यायिक जांच से ‘पूरी सच्चाई’ सामने आनी चाहिए: खरगे
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लद्दाख में पिछले वर्ष 24 सितंबर को हुई हिंसा की बरसी पर मंगलवार को कहा कि इस घटना की न्यायिक जांच से ‘‘पूरी सच्चाई’’ सामने आनी चाहिए, जवाबदेही तय होनी चाहिए और बिना किसी भय या पक्षपात के न्याय मिलना चाहिए।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस लद्दाख के लोगों की ‘‘उचित संवैधानिक सुरक्षा’’ की मांग के साथ मजबूती से खड़ी है, जिसमें इसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल किए जाने की मांग भी शामिल है।
उनका कहना है कि इससे लद्दाख की भूमि, रोजगार, नाजुक पर्यावरण, संस्कृति और पहचान की रक्षा में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और प्रतिनिधि संस्थाओं को पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए।
लद्दाख में 24 सितंबर, 2025 को राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन के दौरान हिंसा भड़क गई थी। पुलिस कार्रवाई के बाद चार लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इस घटना के बाद सरकार ने न्यायिक जांच का आदेश दिया था।
भाषा हक संतोष
संतोष

Facebook


