कन्नूर (केरल), 17 अप्रैल (भाषा) जाति और रंग के आधार पर कथित उत्पीड़न के बाद एक बीडीएस छात्र की हुई मौत के मामले में आरोपी कन्नूर डेंटल कॉलेज के दो अध्यापकों ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया है।
‘डेंटल एनाटॉमी’ विभाग के प्रमुख डॉ. एम. के. राम और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संगीता नाम्बियार ने जमानत याचिकाएं दायर की हैं।
कन्नूर में अंजारकांडी के एक निजी दंत चिकित्सा महाविद्यालय का 22 वर्षीय छात्र नितिन राज आर.एल. 10 अप्रैल को दोपहर में एक इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था और बाद में उसकी मौत हो गई थी।
राज को उसकी जाति और रंग के आधार पर परेशान किए जाने के आरोपों के बाद, पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत दो अध्यापकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शुक्रवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रभारी न्यायाधीश विमल जे. ने दोनों याचिकाओं पर सुनवाई की। अदालत ने 22 अप्रैल को इन याचिकाओं पर आगे की सुनवाई करने का निर्णय लिया।
राम और नाम्बियार के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस उनका पता नहीं लगा पाई है।
इस बीच ‘केरल यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज’ के अधिकारी कन्नूर डेंटल कॉलेज में विद्यार्थियों और अभिभावकों की शिकायतों को सुन रहे हैं। वे राज की मृत्यु के बाद शुरू की गई जांच के तहत ऐसा कर रहे हैं।
पुलिस मामले के अलावा, केरल अनुसूचित जाति (एससी)/ जनजाति (एसटी) आयोग, केरल राज्य मानवाधिकार आयोग, केरल राज्य युवा आयोग, केरल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और चिकित्सा शिक्षा विभाग अलग-अलग जांच कर रहे हैं।
कॉलेज में विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन के बाद, संस्थान प्रबंधन ने बृहस्पतिवार को राम की सेवा समाप्त कर दी।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप