उप्र : कानपुर में अदालत भवन से कूदकर वकील ने दी जान, जांच जारी

उप्र : कानपुर में अदालत भवन से कूदकर वकील ने दी जान, जांच जारी

उप्र : कानपुर में अदालत भवन से कूदकर वकील ने दी जान, जांच जारी
Modified Date: April 23, 2026 / 10:17 pm IST
Published Date: April 23, 2026 10:17 pm IST

कानपुर, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में बृहस्पतिवार को अदालत भवन की पांचवीं मंजिल से कूदकर 24 वर्षीय एक वकील ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि प्रियांशु श्रीवास्तव नामक वकील ने इमारत से छलांग लगा दी। उन्हें तुरंत उर्सुला हॉर्समैन मेमोरियल (यूएचएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में वकील मौके पर एकत्र हो गए। कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की।

पुलिस उपायुक्त गुप्ता ने बताया कि मृतक ने घटना से कुछ समय पहले अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर दो पृष्ठ का एक सुसाइड नोट साझा किया था। पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सुसाइड नोट समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में किसी को भी मौत के लिए जिम्मेदार न ठहराने और परिवार, विशेषकर मां को परेशान न करने का अनुरोध किया गया है। इसमें पारिवारिक जिम्मेदारियों, वित्तीय दबाव और मानसिक तनाव का भी उल्लेख है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। गुप्ता ने कहा कि सुसाइड नोट और डिजिटल सामग्री की गहन जांच की जा रही है और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में