बेंगलुरु, 13 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को घोषणा की कि उसके विधायक सामूहिक दफन किये जाने के कथित मामले की एसआईटी जांच के बीच 17 अगस्त को दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल जायेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल भगवान मंजूनाथ स्वामी और अन्नप्पा स्वामी मंदिर में पूजा करना है।
विजयेंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगले रविवार 17 अगस्त को हमारे सभी वरिष्ठ विधायक और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धर्मस्थल आएंगे। हम भगवान मंजूनाथ स्वामी का आशीर्वाद लेंगे।’’
इस यात्रा की वजह पूछे जाने पर विजयेंद्र ने कहा, ‘‘हम (जांच में) कोई दखल नहीं दे रहे हैं। हम वहां भाजपा नेता के तौर पर नहीं, बल्कि भगवान मंजूनाथ स्वामी के भक्त के तौर पर जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई सामने आनी चाहिए और भ्रम जल्द दूर होना चाहिए। ऐसी चर्चा है कि कहीं न कहीं एसडीपीआई जैसी असामाजिक ताकतें जांच के पीछे हैं।’’
धर्मस्थल के कुछ हिस्सों में युवतियों और लड़कियों समेत कई लोगों को दफनाये जाने की शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
विपक्षी दल भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा में यह मामला उठाया था और मांग की थी कि कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर इस मामले में एसआईटी जांच की स्थिति पर सदन में बयान दें।
भाजपा ने सरकार से धर्मस्थल की धार्मिक पवित्रता की रक्षा के लिए कदम उठाने का भी आग्रह किया और आरोप लगाया कि कुछ तत्व गलत सूचना फैला रहे हैं।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा