कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल : कांग्रेस के कई वरिष्ठ विधायक दिल्ली रवाना

Ads

कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल : कांग्रेस के कई वरिष्ठ विधायक दिल्ली रवाना

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 09:05 PM IST

मांड्या/बेंगलुरु, 12 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्रिमंडल में फेरबदल और नए चेहरों को मौका देने की मांग को लेकर पार्टी नेतृत्व से बातचीत के लिए रविवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना हुआ। वहीं, पहली बार निर्वाचित विधायकों ने भी सरकार में प्रतिनिधित्व की अपनी मांग फिर से उठाई है।

पहली बार निर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने प्रतिनिधित्व के लिए अपना दबाव तेज कर दिया है और मांग की है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उनमें से कम से कम पांच को मंत्री बनाया जाए।

तीन से अधिक कार्यकाल वाले कई वरिष्ठ विधायक रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे पार्टी नेतृत्व से मुलाकात कर यह मांग रखने वाले हैं कि प्रस्तावित फेरबदल के दौरान करीब 40 वरिष्ठ विधायकों में से कम से कम 20 को मौका दिया जाए।

वरिष्ठ विधायकों में टी बी जयचंद्र, जो नयी दिल्ली में कर्नाटक सरकार के विशेष प्रतिनिधि हैं, और विधानसभा के मुख्य सचेतक अशोक पटन शामिल हैं। इन नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला से मुलाकात करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी से भी मिलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मांड्या से पहली बार विधायक बने रविकुमार गौड़ा (रवि गनिगा) ने कहा, ‘हर किसी की इच्छा मंत्री बनने की होती है। मैंने मीडिया में देखा है कि वरिष्ठ नेता – जो तीन, चार और पांच बार चुनाव जीत चुके हैं – मंत्री पद पाने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि उन्हें मंत्री पद मिले और राज्य की सेवा करने का अवसर प्राप्त हो। फेरबदल का फैसला आला कमान और मुख्यमंत्री पर निर्भर है।’

मांड्या में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहली बार निर्वाचित विधायकों का रुख स्पष्ट है कि उन्हें भी मौका मिलना चाहिए। हाल में उनमें से 38 ने नेतृत्व को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि उनमें से कम से कम पांच को मंत्री पद दिया जाए।

उन्होंने कहा, “हम जल्द ही बैठक करेंगे और आगे की कार्रवाई तय करेंगे। हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से एक बार मिल चुके हैं। विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने की योजना थी, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। हम मुख्यमंत्री से मिलेंगे और देखेंगे कि और क्या किया जा सकता है।”

भाषा आशीष नरेश

नरेश