कर्नाटक: धारवाड़ में कॉलेज के छात्र ने आत्महत्या की, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
कर्नाटक: धारवाड़ में कॉलेज के छात्र ने आत्महत्या की, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
धारवाड़ (कर्नाटक), 29 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के धारवाड़ में कॉलेज के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र के परिवार द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यहां के एक निजी कॉलेज में बीएससी का छात्र आदित्य म्यागेरी उन 18 छात्रों में शामिल था जिन्हें विद्यागिरी पुलिस ने 25 अप्रैल को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान हिरासत में लिया था।
पुलिस ने बताया कि आदित्य बागलकोट जिले में बेलूर गांव का निवासी था लेकिन वह धारवाड़ शहर के गिरिनगर इलाके में किराए के एक मकान में अपने दोस्तों के साथ रह रहा था।
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान हिरासत में लिये गए 18 छात्रों की जांच की गई। कुल 10 छात्रों में गांजा के सेवन की पुष्टि नहीं हुई जिसमें आदित्य भी शामिल था। उसके साथ रहने वाले कुछ छात्रों की जांच में गांजा के सेवन की पुष्टि हुई थी।
आदित्य के परिवार ने आरोप लगाया कि गांजा के सेवन की पुष्टि नहीं होने के बावजूद पुलिस ने उसका उत्पीड़न किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने मामला रफा दफा करने के लिए 2,000 रुपये भी मांगे थे और रकम नहीं देने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी थी।
परिवार ने दावा किया कि उसने अपनी मां से पैसों का इंतजाम करने को कहा था लेकिन वह तुरंत इसकी व्यवस्था नहीं कर पाई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सोमवार रात को आदित्य ने कथित तौर पर अपने किराए के मकान में छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि पुलिस उत्पीड़न और पैसों की मांग को लेकर दबाव ने उसे आत्महत्या का कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विद्यागिरी थाने में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। आरोपों के मद्देनजर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा
सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


